Jabalpur Nagar Nigam: बकायादारों के पास अब मात्र 26 दिन शेष

जबलपुर (ईएमएस)। नगर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में निगमायुक्त स्वप्निल वानखड़े प्रयास कर रहे हैं। निगमायुक्त ने राजस्व अमले को वसूली के कार्यो में सख्ती बरतने के साथ-साथ करदाताओं को भी ३१ मार्च के पूर्व सभी बकाया करों की राशि जमा कर निगम की अप्रिय कार्यवाही से बचने की अपील की है। निगमायुक्त स्वप्निल वानखड़े ने राजस्व विभाग के उपायुक्त पी.एन. सनखेरे सहित सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि अब मात्र लक्ष्य प्राप्ति के लिए २६ दिन शेष रह गए हैं, इसलिए सभी लोग सुबह से शाम तक फील्ड पर रहें और एक-एक करदाताओं के पास जाकर बकाया करों की राशि जमा कराएं।

राजस्व वसूली अभियान के बारे में उपायुक्त पी.एन. सनखेरे ने बताया कि रविवार अवकाश के दिन भी संभागवार एवं वार्डवार वसूली अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत सभी संभागीय अधिकारियों के द्वारा ८० बड़े बकायादारों के विरूद्ध कुर्की की कार्रवाई की गयी। इस संबंध में उपायुक्त सनखेरे ने बताया कि कुर्क की गई सभी सम्पत्तियों को नगर निगम प्रशासन द्वारा वैधानिक प्रक्रिया को अपनाते हुए नीलाम करने की कार्यवाही की जायेगी। चल-अचल संपत्तियों की कुर्की के साथ-साथ नल कनेक्शन काटने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment