Jabalpur News: इस सीजन की सबसे सर्द रही बीती सुबह और रात

Jabalpur News, जबलपुर समाचार। पारे में आई गिरावट से जनजीवन कांप उठा। सुबह तेज शीतलहर चलने से ठण्ड से राहत नहीं मिली और शाम ढलते ही लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोप के कारण जम्मू काश्मीर में बर्फबारी हो रही है।

उत्तर की दिशा से आ रही बर्फीली तेज हवाओं की रफ्तार ने पारे की अकड़ निकाल दी है। और ठण्ड ने अपना जलवा बिखेर दिया। इस सीजन में शनिवार को सबसे ठण्डा दिन और सबसे सर्द रात रही जब न्यूनतम पारा ४ डिग्री तक उतर आया। उत्तर से आ रहीं वर्फीली हवाओं ने शहर को हिलाकर रख दिया। मौसम विभाग के मुताबिक २-३ दिन अभी शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। सुबह के वक्त हवा में नमी ज्यादा होने के कारण भोर की पहली पहर कोहरे की चादर से ढकी रही। कोहरा छंटने के बाद आसमान में बादलों की लुकाछिपी का खेल चलता रहा।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक हिमाचल व जम्मू काश्मीर में हुई बर्फबारी के बाद जबलपुर सहित पूर्वी मध्यप्रदेश के इलाकों में ठण्ड बरकरार रही। पिछले दो दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है शीतलहर कहर बरपा रही है। बर्फीली हवाओं के सामने धूप भी अपना असर नहीं दिखा सकी। सूर्यास्त के बाद ठण्ड के तेवर और तीखे हो जाते हैं। सर्द हवाओं के झोंके लोगों को घरों में दुबकने विवश कर देते हैं। रात १० बजे के बाद सड़कें वीरान होने लगती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दो-तीन दिन अभी ठण्ड का कहर जारी रहेगा इसके बाद तापमान धीरे-धीरे औसत पर आ आएगा।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान २१.०८ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ३ डिग्री कम दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान ४.४ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ६ डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ८६ प्रतिशत और सायंकाल ४८ प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह ६.५३ बजे और सूर्यास्त शाम ५.४१ बजे हुआ। उत्तर पश्चिमी हवायें ३ से ४ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। प्रदेश में सबसे कम ४ डिग्री तापमान जबलपुर में दर्ज किया गया। अगले २४ घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान २३.९ डिग्री और न्यूनतम तापमान १३.८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Leave a Comment