Jabalpur Mausam: कोहरे की चादर से ढका रहा आसमान

जबलपुर । पश्चिमी विक्षोप के प्रभाव व उत्तर पूर्वी दिशा से आ रही बर्फीली हवाआें के कारण शीतलहर अपनी चरमसीमा पर है। ठण्डी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में लिपटे रहने को मजबूर कर दिया है। सुबह घने कोहरे की चादर से ढकी रहती है और दिन भर सर्द हवाएं चलती हैं। शीतलहर से शहर कांप रहा है। सुबह के वक्त कड़ाके की ठण्ड होने के कारण दिनचर्या प्रभावित हो रही है। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति भी कम होती जा रही है। वहीं सरकारी दफ्तरों में देर से कामकाज हो रहा है। ठंड को देखते हुए जिला कलेक्टर सौरभ सुमन ने प्रात:पाली में लगने वाली आज से सुबह ९ बजे लगाने के आदेश जारी कर दिए है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिनों दिन तापमान नीचे खिसक रहा है। दिन का तापमान जहां सामान्य से ५ डिग्री नीचे आ गया है वहीं रात का तापमान सामान्य से १ डिग्री कम आ गया है। सुबह ९ बजे तक कोहरे की चादर तनी रही। बिजीबिल्टी १०० मीटर रही। वहीं उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने शीतलहर का प्रकोप बढ़ा दिया है। आसमान पर घना कोहरा छाया और सामने की चीज नजर नहीं आई। कई जगह दिन में भी लोग अलाव के पास बैठे नजर आये। आम आदमियों के साथ पशु पक्षी और मवेशी भी ठंड से प्रभावित होने लगे हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में अभी और गिरावट आ सकती है। उत्तर भारत में हिमपात जारी है। उत्तरी दिशाओं से आ रही हवाओं ने पूरे मध्यप्रदेश को शीतलहर में जकड़ लिया है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान १८.०८ डिग्री सामान्य से ५ डिग्री कम और न्यूनतम तापमान ०८.०४ डिग्री सेल्सियस सामान्य से १ डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ९२ प्रतिशत सायंकाल ६२ प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह ६.५२ बजे और सूर्यास्त शाम ५.३८ बजे हुआ। प्रदेश में सबसे कम ६ डिग्री तापमान नौगांव और गुना जिले में दर्ज किया गया। उत्तरी पूर्वी हवाएं ४ से ५ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। गत वर्ष आज के दिन तापमान २२.०४ और न्यूनतम तापमान ०८.०६ डिग्री दर्ज किया गया। अगले २४ घंटों के दौरान जिलें में कोहरा छाने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Jabalpur Collector ne badla school time

शीतलहर और तापमान में लगातार आ रही गिरावट से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका के मद्देनजर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने जिले में सुबह की पाली में लगने वाली सभी शालाओं का संचालन ४ जनवरी से सुबह ९ बजे या इसके पश्चात करने के आदेश दिये हैं । आदेश सभी सीबीएसई आईसीएसई शासकीय अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक माध्यमिक हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी शालाओं पर लागू होगा।

Leave a Comment