Jabalpur Mausam: बूंदाबांदी के बीच धूल भरी आंधी भी चलेगी

Jabalpur Mausam। मंगलवार को एक बार फिर आसमान पर बादलों का डेरा आ गया। मौसम विभाग की मानें तो संभाग के कुछ जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है और धूल भरी आंधी चल सकती है। मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक कर्नाटक के ऊपर चक्रवात बन गया हैै। वहीं अरब सागर से आ रही नमी ट्रफ लाईन में बदल गई है। पश्चिमी विक्षोप के असर से जबलपुर का आसमान बादलों से ढक गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले के कुछ स्थानों पर अगले ४८ घंटों के दौरान संभाग के कुछ जिले गरज-चमक के साथ बारिश और धूल भरी आंधी की चपेट में आ सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बने हवा के कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण मौसम के मिजाज बदले-बदले नजर आ रहे हैं। अगले २४ घंटे के दौरान जिले में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोप एक बार फिर प्रभावी हो रहा है वहीं बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं भी आने लगी जिससे बादल छा रहे है और जबलपुर सहित पूर्वी मध्यप्रदेश में १६ से १८मार्च के बीच बादल छाए रहेंगे ओैर कुछ स्थानों में हल्की वर्षा हो सकती है। ३० से ४० किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोप के कारण पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर हवा के कम दबाव वाला क्षेत्र बनने से बादल आ रहे हैं और बूंदाबांदी हो सकती है। पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान ३३.९ डिग्री सेल्सियस सामान्य से १ डिग्री अधिक दर्ज किया गया, न्यूनतम तापमान १६.०२ डिग्री सेल्सियस सामान्य से १ डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ६६ प्रतिशत और सायंकाल ३० प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह ६.१८ बजे और सूर्यास्त शाम ६.१९ बजे हुआ। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान १३.०६ डिग्री मलाजखंड जिले में दर्ज किया गया और सबसे अधिक तापमान ३९.० डिग्री सेल्सियस राजगढ़ जिले में दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिमी हवायें ४ से ५ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। अगले २४ घंटों के दौरान संभाग के अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

Leave a Comment