Madhya Pradesh Holi News: कही हो गया तो कही आज होगा होलिका प्रतिमाओं का दहन

Madhya Pradesh Holi News। असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक पर्व होलिकोत्सव पर मंगलवार की रात होलिका प्रतिमाओं का दहन किया जाएगा। रंग, उमंग और मस्ती से भरे इस त्यौहार को मनाने की तैयारियों में लोग जुट गये हैं। घर-घर पकवान बन रहे हैं। बच्चे रंग और पिचकारी के अलावा तरह-तरह के मुखौटे, टोपियां लेकर प्रसन्न चित्त नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर होलिका प्रतिमाओं की स्थापना सोमवार को ही कर दी गई, वहीं अनेक स्थानों पर मंगलवार को ही होलिका प्रतिमाएं बिठाई जाएंगी और रात्रि के प्रथम पहर तक होलिका दहन कर दिया जाएगा। होलिका दहन की पूर्व संध्या पर बाजारों में अच्छी खासी रौनक रही। रंग-गुलाल पिचकारियों, मेवा मिष्ठानों की दुकानों पर लोग खरीददारी करते देखे गये। शनैः-शनै: त्यौहार की भयावहता के कारण लोगों का उत्साह और उमंग घटता जा रहा है। रही सही कसर महंगाई ने पूरी कर दी है। पुलिस में आज होलिका दहन की रात और कल धुरेड़ी के दिन सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये। एसएएफ बटालियन की तीन कंपनियां जबलपुर में आ चुकी हैं। शराबखोरी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर पुलिस सख्ती से पेश आएगी। इस साल होलिका दहन शास्त्रों के मुहूर्त और परंपरा के बीच दो दिन किया जा रहा है। शास्त्र सम्मत होलिका दहन ६ मार्च सोमवार की रात में किया गया। जबकि परंपरा अनुसार आज होली प्रतिमाओं का दहन किया जाएगा।

बहरहाल होली के त्यौहार की पौराणिक मान्यता यह है कि राजा हिरण्यकश्यप एक अत्याचारी दानव था। लेकिन उसका पुत्र भक्त प्रहलाद एक धार्मिक और न्यायप्रिय था। राजा हिरण्यकश्यप को अपने पुत्र का आचरण पसंद नहीं था। वह उसे भी दानव बनाना चाहता था। ऐसी मान्यता है कि भक्त प्रहलाद भगवान नरसिंह के अनन्य भक्त थे और तमाम अत्याचार करने के बाद भी जब राजा अपने पुत्र भक्त प्रहलाद को दानवी शक्ति से प्रभावित नहीं कर सके तो उन्होंने अग्नि में भस्म नहीं होने का वरदान प्राप्त अपनी बहन होलिका की गोद में अपने पुत्र प्रहलाद को बिठाकर आग के हवाले करने की कोशिश की। लेकिन ईश्वर की कृपा से वरदान का दुरूपयोग करने वाली होलिका तो आग में धूं-धूंकर भस्म हो गई और भक्त प्रहलाद बच गये। तभी से आसुरी शक्ति पर देवीय शक्ति के विजय प्रतीक इस पर्व पर होलिका प्रतिमा का दहन किया जाता है। होलिका दहन के दिन सारी बुराईयों को समाप्त कर दूसरे दिन रंग-गुलाल के साथ गले मिलकर गिले शिकवे भुलाने का संदेश यह पर्व देता है, लेकिन विगत कुछ वर्षों से असामाजिक तत्वों, शराबियों ने इस पर्व के मायने ही बदल दिये हैं। इसलिए पुलिस को इस त्यौहार में खासी सख्ती करनी पड़ती है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि होली के त्यौहार में कड़े इंतजाम रहेंगे। हर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के बेरिकेट्स लगाये जाएंगे। सभी थाना प्रभारियों और सीएसपी को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये गये हैं। प्रमुख स्थानों पर बेरिकेट्स लगाकर शराबियों की चेकिंग की जाएगी। तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अभियोजन की कार्यवाही भी की जाएगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र में चार-चार अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं, जो किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। अराजकता पैâलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment