Jabalpur News: तापमान में आने लगा उछाल

Jabalpur News, जबलपुर। तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने लगी है। पिछले दो दिनों के मुकाबले पारे में आंशिक उछाल आई है। हवाओं की दिशा भी कभी उत्तर तो कभी पश्चिम हो रही है। दिन में जोरदार गर्मी का अहसास होने लगा है। कूलर, पंखों की आवश्यकता महसूस होने लगी है। अब ठण्ड का हल्का असर भोर की पहली बेला में तड़के ही महसूस होता है। दिन और शाम को गर्मी बनी रहती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोप के प्रभाव के कारण पिछले कुछ दिनों से मौसम के मिजाज बार-बार बदल रहे थे। लेकिन अब मौसम के मिजाज पटरी पर आ रहे हैं। पश्चिमी विक्षोप का प्रभाव अब खत्म हो गया है। हवा के कम दबाव का क्षेत्र भी कमजोर पड़ गया है।

पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान ३३.३ डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान १४.६ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ३ डिग्री कम दर्ज किया गया। सूर्योदय सुबह ६.२० बजे और सूर्यास्त शाम ६.१८ बजे हुआ। हवा में नमी सुबह ५५ प्रतिशत और शाम को २४ प्रतिशत आंकी गई। प्रदेश में सबसे अधिक ३६.६ डिग्री तापमान राजगढ़ और सबसे कम रात का तापमान १२.०८ डिग्री रीवा में दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिमी हवायें ३ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। अगले २४ घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Comment