Jabalpur News: भटौली क्षेत्र में बनेगा औद्योगिक कॉरिडोर – शिवराज

Jabalpur News, जबलपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिहं चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने और विकास के लिये हर नागरिक अपना योगदान दे। मध्यप्रदेश के नागरिक कोई एक नेक कार्य अपनाएँ। इनमें पौधे लगाना पर्यावरण-संरक्षण पानी बचाना बिजली की बचत नशामुक्ति शामिल हों। जनता के सहयोग से ही मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। हर नागरिक सर्वश्रेष्ठ योगदान दे। मुख्यमंत्री श्री चौहान जबलपुर में गैरीसन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे।

नर्मदा कॉरिडोर से परस्पर जुड़ेंगे घाट………..

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर में आकर मन प्रसन्न है। कल संध्या के समय नर्मदा जी के घाट पर जाने का अवसर मिला। नर्मदा मैया हम सभी को आशीर्वाद देती हैं। जबलपुर के नर्मदा घाटों का कॉरिडोर बनाया जायेगा। नर्मदा के घाटों के उन्नयन कार्य के साथ ही उन्हें परस्पर जोड़ने का कार्य कर नर्मदा पथ विकसित किया जायेगा। तीन चरणों में अलग-अलग नर्मदा परिक्रमा पथ बनेंगे।

भटौली क्षेत्र में औद्योगिक कॉरिडोर बनेगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक प्रगति के लिये बहुआयामी प्रयास किये जा रहे हैं। हाल ही में इंदौर में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में १५ लाख ४० हजार ५५० करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे करीब २९ लाख लोगों को जीविका मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जबलपुर में भटौली क्षेत्र में औद्योगिक नगर विकसित होगा। इसके लिये भूमि चिन्हित कर ली गई है। गारमेन्ट और टेक्सटाइल की इकाइयाँ बनेंगी।

महाकौशल के विकास पर फोकस

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महाकौशल अंचल में अनेक विकास कार्य हो रहे हैं। करीब ६६ हजार करोड़ की सिंचाई परियोजना के कार्य जारी हैं। केन-बेतवा परियोजना के लिये ४४ हजार करोड़ की राशि प्राप्त हो रही है। बरगी बांध की निर्माणाधीन टर्नल पर स्लीमनाबाद के पास कार्य चल रहा है। अब तो विंध्य अंचल में नागौद तक पानी पहुँचने वाला है। जबलपुर के शहरी क्षेत्र के साथ ही निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा। जबलपुर में ३५०० करोड़ रूपये लागत का रिंग रोड बन रहा है। प्रदेश का दूसरा ग्लोबल स्किल पार्क जबलपुर में बनाया जायेगा।

स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का स्मरण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उपस्थित नागरिकों को गणतंत्र दिवस और बसंत पंचमी की बधाई दी। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिये जान न्यौछावर करने वाले सेनानियों का स्मरण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अमर शहीदों के प्रति हम सभी कृतज्ञ हैं। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने कहा था कि तुम मुझे खून दो मैं तुम्हे आजादी दूँगा । नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जबलपुर जेल में भी कई दिन रहे। राजा रघुनाथ शाह शंकर शाह सहित अनेक देश भक्तों ने स्वतंत्रता के लिये संघर्ष का मार्ग अपनाया।

परेड की सलामी ली

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रारंभ में जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह राष्ट्रगान के साथ प्रारंभ हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। हर्ष फायर की ध्वनि के बीच मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आमजन का अभिवादन किया। समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों से भेंट की और उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्र सरकार द्वारा २५ जनवरी को घोषित पद्मश्री पुरस्कार से पुरस्कृत डॉ. एम.सी. डाबर को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ३७ विभाग के ११४ अधिकारी- कर्मचारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति हुई और अनेक विभागों द्वारा योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित झांकियाँ निकाली गईं। अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं जिनमें महाकौशल अंचल में रहने वाली बैगा जनजाति द्वारा किये जाने वाले प्रभावशाली लोक नृत्य लोक संगीत की धुनों के साथ प्रस्तुत किये गये। इसके अलावा बुंदेली लोकनृत्य भी प्रदर्शित हुये। मुख्यमंत्री श्री चौहान कार्यक्रम में पूरे समय उपस्थित रहने के बाद आमजन के मध्य भी पहुँचे। उनकी आम जनता से जुड़ाव की शैली से प्रसन्नचित्त नागरिकों ने सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनेक विभूतियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि मीडिया प्रतिनिधि अधिकारी-कर्मचारी विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Comment