Jabalpur Mausam: घने कोहरे के बीच गलन भरी ठण्ड

Jabalpur Mausam News। घने कोहरे के साथ ठण्डी हवाओं ने बुधवार की सुबह लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया। इतना घना कोहरा था कि २० फुट दूर का अक्स साफ दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे की वजह से पिछले तीन दिनों से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। दिन का तापमान औसत से २ डिग्री नीचे रहने के कारण धूप भी कुनकुनी लगती रही। धूप का प्रभाव तेज नहीं रहा। कुछ स्कूलों ने मनमानी की कलेक्टर के आदेश के बाद भी ९ बजे के पहले ही स्कूल लगाए।

भरी ठण्ड में मासूम बच्चे ठिठुरते हुये स्कूल पहुंचे। गलन भरी ठंड को देखते हुए जिला कलेक्टर सौरभ सुमन ने ५ जनवरी से ७ जनवरी तक पहली से पाँचवी तक की स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर चंबल के ऊपर सक्रिय चक्रवाती हवाओं के असर से कोहरा छाया और हवा में नमी बढ़ने की वजह से जाड़े ने अपनी रंगत दिखाई। कोहरे और हल्के बादलों की वजह से तापमान में अधिक गिरावट तो नहीं देखी जा रही लेकिन जाड़े की अकड़ में कोई कमी नहीं आई। खुले आसमान के नीचे ऐसा लग रहा है जैसे कि बर्फ गिर रही हो।

इन दिनों शहर में कड़ाके की ठण्ड का दौर चल रहा है। सुबह शाम गलाव भरी ठण्ड और दोपहर में शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। चौबीसों घंटे लोग गर्म वस्त्रों से लदे नजर आ रहे हैं। रात को सड़के जल्दी वीरान हो जाती हैं। ठण्ड से बचने लोग जल्दी घरों में दुबक जाते हैं। वहीं दूसरी ओर सुबह दिनचर्या देर से शुरू होती है। कंपकंपाने वाली ठण्ड का एहसास किया जा रहा है। मौसम कार्यालय के मुताबिक पिछले २४ घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान १६.७ डिग्री सेल्सियस सामान्य से ७ डिग्री कम दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान ०९.०९ डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल ८५ प्रतिशत और सायंकाल ७५ प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह ६.५३ बजे और सूर्यास्त शाम ५.३९ बजे हुआ। उत्तरी हवायें ४ से ५ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। प्रदेश में सबसे ठण्डा जिला दतिया ग्वालियर जहां ४.५ डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अगले २४ घंटों के दौरान कोहरा छाने और गलन भरी ठंड बढ़ने की संभावना है।

प्राईमरी स्कूलों में ३ दिन का अवकाश घोषित………………
शीतलहर और तापमान में लगातार आ रही गिरावट के कारण कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने जिले में पूर्व प्राथमिक (नर्सरी एवं आंगनबाड़ी) तथा प्राथमिक कक्षाओं (कक्षा एक से पांच) के छात्र-छात्राओं के लिये ५ जनवरी से ७ जनवरी तक अवकाश घोषित किया हैं।

Leave a Comment