Jabalpur News: 14 मार्च को जबलपुर आ सकते है, केजरीवाल और पंजाब सीएम मान

जबलपुर न्यूज़: १४ मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जबलपुर में एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे। यहीं से मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूंका जाएगा। यह जानकारी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक ने अपने जबलपुर प्रवास के दौरान दी। वे सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा, हमारी पार्टी कभी भी किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। हमें उम्मीद है कि इस बार मध्य प्रदेश की जनता हमें आशीर्वाद देगी। दिल्ली में चल रही उठा पठक पर उन्होंने कहा, दिल्ली में केंद्र सरकार भले ही कितनी ही कोशिश कर ले लेकिन आम आदमी पार्टी को नहीं हरा पाएगा। वहीं उन्होंने ऐलान किया कि विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी सीटों में आम आदमी पार्टी अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी।

दिल्ली सरकार को लेकर चल रही उथल-पुथल पर संदीप पाठक ने कहा कि गुजरात चुनाव के बाद भाजपा को समझ में आ गया कि अब आप पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर तेजी से आगे बढ़ रहीं है, इसलिए उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्री पर आरोप लगाते हुए उन्हें जेल भिजवाया। लेकिन भारत में कानून भी है, और हमें कानून पर पूरा विश्वास है कि बहुत जल्द दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। पाठक ने कहा दिल्ली में भाजपा हमेशा नाकाम रही है, पंजाब में उसे नाकामी हाथ लगी, गुजरात में हमने उनके किले में सेंध लगाई। अब मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी।

Leave a Comment