Bhopal Mausam News: शनिवार को वर्षा होने के आसार

Bhopal Mausam News। पाकिस्तान और उसके आसपास बना पश्चिमी विक्षोभ समाप्त हो चुका है। हवा का रुख वर्तमान में पूर्वी बना हुआ है। उधर एक नया पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इसके तहत शुक्रवार शाम से ही बादलों का आना शुरु होगा। इससे दिन के तापमान में कुछ गिरावट होने की उम्मीद है। शनिवार से राजधानी सहित मध्य प्रदेश के कई शहरों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। उधर शुक्रवार को रात का सबसे अधिक 20.8 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया।

आंशिक बादल बने रहने के कारण दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बन गया है। इस मौसम प्रणाली के उत्तर भारत की तरफ बढ़ने से शनिवार को मध्य प्रदेश में उत्तर-दक्षिण ट्रफ बनने के आसार हैं। साथ ही हवाओं का रुख पूर्वी-पश्चिमी रहेगा। विपरीत दिशाओं से आ रही हवाओं में आपस में टकराव की स्थिति बनने के कारण शनिवार से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वर्षा का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। वर्षा का दौर रुक-रुककर चार-पांच दिन तक बना रह सकता है।
आशीष दुबे / 3 मार्च 2023

Leave a Comment